सोशल मीडिया पर फिर ट्रोल हुईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े — खेत में रूपा लगाने की तस्वीरें वायरल
रायपुर, 23 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं। इस बार कारण बना है उनका एक फोटो, जिसमें वे खेत में धान की रोपाई (रूपा) करती नजर आ रही हैं — वह भी कुर्सी पर बैठकर।
तस्वीर के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने मंत्री जी के “खेती अंदाज़” पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोग यह कह रहे हैं कि यह आम जन के बीच अटेंशन पाने का एक तरीका है, क्योंकि वास्तव में धान की रोपाई कुर्सी में बैठकर नहीं बल्कि खेत में घुटनों तक पानी और कीचड़ में खड़े होकर की जाती है।
यह पहली बार नहीं है जब लक्ष्मी राजवाड़े अपने अनोखे अंदाज को लेकर ट्रोल हुई हैं। इससे पहले भी उनके दरवाजे पर पुस (धक्का) मारने, आम जन के बीच नाचने, और लिट्टी-चोखा बनाते हुए कई वीडियो वायरल हुए थे। कुछ लोग उनके इन क्रियाकलापों को “जनता के करीब आने की कोशिश” कह रहे हैं, जबकि अन्य इसे सिर्फ दिखावा और प्रचार की राजनीति मान रहे हैं।
सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना करने वालों का कहना है कि “मंत्री जी को कम से कम यह तो पता होना चाहिए कि खेत में कुर्सी लगाकर धान नहीं लगाया जाता।” वहीं उनके समर्थकों का कहना है कि वे एक साधारण जीवनशैली को दर्शा रही हैं, जो जनता से जुड़ाव को दर्शाता है।
फिलहाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की ओर से इस वायरल तस्वीर या ट्रोलिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








