भव्य कार्यक्रम में हुआ उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह
सीतापुर, 12 जुलाई –
आज सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में एम.एल.ए. एजुकेशन कोर सेंटर के तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सीतापुर विधायक माननीय श्री रामकुमार टोप्पो जी द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने विधानसभा स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर 12वीं कक्षा में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कु. आकांक्षा गुप्ता (सेजस, बतौली) को स्कूटी,
बालक वर्ग में 12वीं के टॉपर शिवम कंसारी (सीतापुर बालक हायर सेकेंडरी स्कूल) को लैपटॉप,
वहीं 10वीं कक्षा में अव्वल रहने वाली कु. सत्यवती प्रजापति (सेजस बिलासपुर) को टैबलेट प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इसके अतिरिक्त सीतापुर, मैनपाट, बतौली एवं नावानगर ब्लॉकों के सभी ब्लॉक टॉपर्स को करियर गाइड पुस्तक, पेन, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से –
श्री अनिल सिंह मेजर (वरिष्ठ भाजपा नेता)
श्री भारत सिंह सिसोदिया (भाजपा जिला अध्यक्ष)
श्री विश्व विजय सिंह तोमर (छ.ग. राज्य युवा आयोग अध्यक्ष)
श्री विनोद हर्ष (भाजपा जिला उपाध्यक्ष)
श्री अभिमन्यु गुप्ता (भाजपा जिला महामंत्री)
श्रीमती निरुपा सिंह टेकाम (जिला पंचायत अध्यक्ष)
श्री देव नारायण यादव (जिला पंचायत उपाध्यक्ष)
सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्यों से छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो जी ने शिक्षा एवं विकास के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए SSSVR सिद्धांत की जानकारी दी, जिसमें शिक्षा, सुरक्षा, सुशासन, विकास एवं रोजगार को सम्मिलित कर समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने एम.एल.ए. एजुकेशन कोर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्था के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है, जिससे अब तक अनेक छात्र लाभान्वित हो चुके हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना था, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक माहौल निर्मित करना भी था।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








