बतौली/ बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने सहकारी समिति सेदम में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
किसानों ने बताया कि मौजूदा समय में खेती का कार्य अपने चरम पर है। बुनाई और रोपाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन खाद की अनुपलब्धता के कारण किसानों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि किसानों को ऊंचे दामों पर नकली खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक दयनीय हो रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता ने कहा,
“किसानों की समस्याओं के प्रति सरकार पूरी तरह उदासीन है। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। यह किसानों के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। यदि जल्द ही खाद की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस कमेटी किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।”
किसानों ने शासन, प्रशासन और स्थानीय नेताओं से खाद की किल्लत को दूर करने और बाजार में नकली खाद की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया, तो आंदोलन और अधिक उग्र हो सकता है।
प्रदर्शन में शामिल मुख्य व्यक्ति:
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








