Search
Close this search box.

सेदम क्लस्टर में विभागीय अभिसरण बैठक आयोजित, महिलाओं ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने कराया नामांकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

 

सेदम क्लस्टर में विभागीय अभिसरण बैठक आयोजित, महिलाओं ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने कराया नामांकन

 

बिहान योजना के तहत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर जोर, पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की बनाई गई कार्ययोजना

 

बतौली, सरगुजा | 22 अक्टूबर 2026। जिला पंचायत सीईओ के निर्देशानुसार बिहान योजना के अंतर्गत गुरुवार को जनपद पंचायत बतौली के सेदम क्लस्टर में विभागीय अभिसरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। बैठक में महिलाओं ने भी विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना नामांकन कराया।

 

बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, रेशम एवं मनरेगा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं, पात्रता संबंधी प्रावधानों और हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी साझा की।

 

स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर, दवाइयों तथा थायरॉइड सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और उपचार के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

 

पशुपालन विभाग की ओर से पशु बीमा योजना के संबंध में जानकारी देते हुए पशुपालकों को योजना से जोड़ने और इसके लाभों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। वहीं, कृषि विभाग ने खेती बचाओ अभियान, स्वास्थ्य समृद्ध किसान एवं स्वास्थ्य धारा समृद्ध किसान से जुड़ी गतिविधियों के साथ मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व, मिट्टी की जांच तथा मृदा के अनुरूप फसल एवं उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी।

 

उद्यानिकी विभाग ने फलदार पौधों के रोपण, उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली सब्सिडी, अनुदान और अन्य सहायता के बारे में बताया। रेशम विभाग ने रेशम उत्पादन, रेशम कीट पालन और इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के अवसरों की जानकारी साझा की। मनरेगा विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कार्यों और अन्य विभागीय योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के विषय पर चर्चा की।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाई जाएगी। योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राहियों के नाम एवं आवश्यक विवरण विभागवार सूची में दर्ज कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद पात्रता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

 

बैठक के माध्यम से महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और आजीविका से जुड़ी योजनाओं से जोड़ने तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने की दशा में पहल की गई।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें