

बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में 10 सितंबर को विद्युत कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस
बतौली/सरगुजा, 7 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बतौली द्वारा बिजली की बढ़ी दरों, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद किए जाने तथा स्मार्ट मीटर से अधिक बिजली बिल आने के विरोध में 10 सितंबर 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे विद्युत कार्यालय बतौली का घेराव किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बतौली के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता (पाल) ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली बिल की दरों में पांच बार बढ़ोतरी की गई है। वहीं पूर्ववर्ती सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को बंद कर दिया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस की ओर से सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखी जाएंगी—
बिजली के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं।
400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू की जाए।
उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर तत्काल बदलकर सामान्य पुराने मीटर लगाए जाएं।
स्मार्ट मीटर के कारण अधिक बिजली बिल आने की शिकायतों की जांच कराई जाए।
जांच में अतिरिक्त वसूली पाए जाने पर अंतर की राशि उपभोक्ताओं को वापस की जाए।
क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बताया कि 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की उपस्थिति में विद्युत कार्यालय बतौली का घेराव एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









