

SECL में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी दिलाने का आरोप, शिकायत के एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं
वृद्ध घासीराम ने महाप्रबंधक से की निष्पक्ष जांच की मांग, प्रबंधन की भूमिका पर उठाए सवाल
बिश्रामपुर। SECL बिश्रामपुर क्षेत्र में जमीन के बदले रोजगार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। कसकेला गांव निवासी वृद्ध घासीराम ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी एवं उनके नाम पर पंजीकृत भूमि के आधार पर भैयाथान निवासी विजय पैकरा ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर SECL में नौकरी हासिल कर ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित परिवार की वंशावली में विजय पैकरा का नाम दर्ज नहीं है। इसके बावजूद उन्हें भूमि के एवज में रोजगार का लाभ मिलने का आरोप है। घासीराम ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की है।
महाप्रबंधक को सौंपा आवेदन
घासीराम ने इस संबंध में SECL बिश्रामपुर के महाप्रबंधक संजय सिंह को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में महाप्रबंधक द्वारा कई दिनों तक आवेदन स्वीकार नहीं किया गया और उन्हें स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी गई।
इसके बाद घासीराम लटोरी चौकी पहुंचे, जहां कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि मामला पहले SECL प्रबंधन के स्तर पर जांच का विषय है और शिकायत महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत की जानी चाहिए। इसके बाद उनका आवेदन स्वीकार किया गया।
एक माह बाद भी जांच शुरू नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि आवेदन सौंपे हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो जांच शुरू हुई है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई की गई है। इससे वृद्ध घासीराम ने SECL प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि भूमि से संबंधित दस्तावेज, वंशावली, रोजगार प्रदान किए जाने की प्रक्रिया तथा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जाए।
यदि शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो मामला केवल कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया, रोजगार पात्रता, दस्तावेजों के सत्यापन और SECL की आंतरिक जांच व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।
शिकायतकर्ता ने SECL के उच्च अधिकारियों से मामले में समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा स्वयं को न्याय दिलाने की मांग की है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









