

शक्कर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह
विवेकानंद प्रतिमा के सामने प्रदर्शन, मोदी सरकार के खिलाफ लगाए ‘चीनी चोर गद्दी छोड़’ के नारे
अंबिकापुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा आज विवेकानंद प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “चीनी चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल के दिनों में शक्कर की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है और कीमत करीब 40 रुपये से बढ़कर 78 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में शक्कर के उत्पादन एवं भंडारण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
कांग्रेस के अनुसार, समय से पहले पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने, पर्याप्त स्टॉक नहीं होने के बावजूद शक्कर निर्यात की अनुमति देने तथा गन्ना किसानों को शक्कर मिल मालिकों द्वारा समय पर भुगतान नहीं किए जाने जैसे कारणों से वर्तमान स्थिति बनी है।
‘शक्कर आयात का फैसला प्यास लगने पर कुआं खोदने जैसा’
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि शक्कर आयात को लेकर केंद्र सरकार का हालिया फैसला ऐसा है जैसे “प्यास लगने पर कुआं खोदा जा रहा हो।” उन्होंने कहा कि ब्राजील से कच्ची शक्कर मंगाने में लगभग 45 दिन लगेंगे और उसके बाद उसे प्रसंस्कृत कर बाजार में पहुंचने तक त्योहारी सीजन निकल जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि तत्काल अधिसूचना जारी कर शक्कर का अधिकतम खुदरा मूल्य 40 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया जाए तथा निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया जाए।
महिला कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर साधा निशाना
महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा सोनी ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब आम जनता को महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब मांगना होगा और आगामी समय में इसका जवाब देना होगा।
सत्याग्रह के दौरान जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, मोर्चा संगठन के प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










