

लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग की मान्यता पर उठे सवाल, छात्रों ने विधायक से लगाई गुहार
मान्यता की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से भविष्य को लेकर चिंतित बीएससी नर्सिंग और जीएनएम के विद्यार्थी
अंबिकापुर/सीतापुर। सीतापुर स्थित लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अध्ययनरत बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज की मान्यता एवं अनुमोदन की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से मुलाकात की। विद्यार्थियों ने कॉलेज की मान्यता की वर्तमान स्थिति स्पष्ट कराने तथा उनके शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि कॉलेज की मान्यता को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विद्यार्थियों के अनुसार उन्हें जानकारी मिली है कि संबंधित संस्थान के पाठ्यक्रम को भारतीय उपचर्या परिषद (Indian Nursing Council) की मान्यता प्राप्त नहीं है। ऐसे में उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी होने के बाद डिग्री, पंजीयन एवं रोजगार से संबंधित परेशानियों की आशंका सता रही है।
विद्यार्थियों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए कहा कि उन्होंने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में प्रवेश लिया था, लेकिन अब मान्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उनका कहना है कि यदि संस्थान की मान्यता अथवा आवश्यक अनुमोदन में कोई कमी है तो इसकी जानकारी विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए।
छात्र-छात्राओं ने विधायक से मांग की कि संबंधित विभाग एवं नर्सिंग नियामक संस्थाओं से कॉलेज की मान्यता, संबद्धता एवं अनुमोदन की वर्तमान स्थिति की आधिकारिक जानकारी प्राप्त कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।
विद्यार्थियों ने कहा कि उनकी मांग किसी संस्था को बदनाम करने की नहीं, बल्कि अपने शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा और मान्यता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने की है। उन्होंने प्रशासन से भी मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि यदि मान्यता से जुड़ी कोई तकनीकी या प्रशासनिक समस्या है, तो उसका समाधान समय रहते किया जाना जरूरी है, ताकि पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











