

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सीतापुर, 360 महाकांवड़ यात्रा का नगर में भव्य स्वागत
नगरवासियों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ किया कांवरियों एवं विधायक रामकुमार टोप्पो का अभिनंदन
सीतापुर, सरगुजा। वाराणसी के पावन अस्सी घाट से गंगाजल लेकर मैनपाट स्थित स्वयंभू चुरकी पानी धाम के लिए निकली 360 महाकांवड़ यात्रा रविवार को सीतापुर नगर में प्रवेश कर गई। कांवरियों की टोली के नगर में पहुंचते ही पूरा सीतापुर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। नगरवासियों ने जगह-जगह भव्य स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
360 महायात्रा के साथ सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी कांवर लेकर पदयात्रा कर रहे हैं। विधायक के साथ बड़ी संख्या में कांवरिए गंगाजल लेकर कठिन पैदल यात्रा पूरी कर रहे हैं। यात्रा को लेकर सीतापुर क्षेत्र में शुरुआत से ही खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वर्ष 2026 की यह यात्रा 13 अगस्त को वाराणसी के अस्सी घाट से शुरू हुई थी और करीब 419 किलोमीटर की दूरी तय कर चुरकी पानी धाम पहुंचेंगे
पुष्पवर्षा से हुआ कांवरियों का स्वागत
सीतापुर नगर में प्रवेश के दौरान जगह-जगह नगरवासियों, श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांवरियों का स्वागत किया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवरियों का अभिनंदन किया तथा उनके लिए जलपान एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की। धार्मिक गीतों और बोल बम के जयकारों के बीच नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
विधायक रामकुमार टोप्पो के नगर पहुंचने पर भी लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल कांवरियों के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए।
भक्ति और आस्था का अनूठा संगम
360 महाकांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि क्षेत्र में आस्था, सेवा और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बनती जा रही है। उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा कांवरियों के लिए भोजन, जलपान और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है।
इस यात्रा में शामिल कांवरिए लगातार पैदल सफर करते हुए चुरकी पानी धाम की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। जैसे-जैसे कांवरियों की टोली मंजिल के करीब पहुंच रही है, श्रद्धालुओं में उत्साह भी लगातार बढ़ रहा है।
सीतापुर बना शिवमय
360 महाकांवड़ यात्रा के सीतापुर नगर में प्रवेश के साथ ही पूरा नगर शिवभक्ति में डूबा नजर आया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने कांवरियों का स्वागत किया और “हर-हर महादेव”, “बोल बम” के जयघोष लगाए। नगरवासियों के इस भव्य स्वागत से कांवरियों का उत्साह और बढ़ गया।
विधायक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में आगे बढ़ रही 360 महायात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव चुरकी पानी धाम की ओर अग्रसर है। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि बाबा भोलेनाथ के धाम में गंगाजल अर्पित कर यह कठिन यात्रा पूर्ण होने के साथ क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना भी पूरी होगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











