

रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 9 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक युवक से 9 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मनधुज साहू उर्फ पिंटू सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मांजा निवासी अमन साहू को आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर रकम निवेश करने पर उसे दोगुना करने एवं मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग माध्यमों से करीब 9 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों द्वारा रकम वापस नहीं की गई, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर रामानुजनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मनधुज साहू उर्फ पिंटू की वर्ष 2023 में जेल में रहने के दौरान वाराणसी, उत्तर प्रदेश निवासी राजेश सिंह पटेल से मुलाकात हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर लोगों को रकम दोगुनी करने एवं मुनाफे का लालच देकर ठगी करने का जाल बिछाया।
सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, इसके नेटवर्क तथा ठगी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई से इस अंतरराज्यीय ठगी गिरोह के अन्य मामलों के भी खुलासा होने की संभावना है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











