Search
Close this search box.

आज अंबिकापुर पहुंचेगी 360 महायात्रा की कांवरियों की टोली, राम भवन में होगा रात्रि विश्राम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आज अंबिकापुर पहुंचेगी 360 महायात्रा की कांवरियों की टोली, राम भवन में होगा रात्रि विश्राम

अंबिकापुर। वाराणसी के पावन अस्सी घाट से गंगाजल लेकर छत्तीसगढ़ के मैनपाट स्थित स्वयंभू चुरकी पानी धाम तक निकली 360 महायात्रा 2026 की कांवरियों की टोली शुक्रवार को मां महामाया की पावन नगरी अंबिकापुर में प्रवेश करेगी। बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने के संकल्प के साथ निकली यह धार्मिक यात्रा अपने पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है।

13 अगस्त 2026 को वाराणसी के अस्सी घाट से विधि-विधान के साथ गंगाजल उठाकर शुरू हुई 360 महायात्रा में कांवरियों ने अब तक करीब 320 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है। लगभग 419 किलोमीटर की इस कठिन पैदल यात्रा के दौरान श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

अंबिकापुर पहुंचने के बाद कांवरियों की टोली राम भवन में रात्रि विश्राम करेगी। अगले दिन सुबह यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर कांवरियों एवं उनके साथ चल रहे सेवाभावी सदस्यों के लिए राम भवन में भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।

विधायक रामकुमार टोप्पो भी कांवर लेकर कर रहे पदयात्रा

360 महायात्रा की खास बात यह है कि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो स्वयं कांवर लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनके साथ करीब 120 कांवरिया गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ की भक्ति में पदयात्रा कर रहे हैं। यात्रा जैसे-जैसे अपने अंतिम पड़ाव के करीब पहुंच रही है, कांवरियों का उत्साह भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह शिवभक्तों एवं स्थानीय लोगों द्वारा कांवरियों का भव्य स्वागत किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए जलपान, भोजन और विश्राम की व्यवस्था भी की जा रही है। सेवा और श्रद्धा के इस माहौल से पूरी यात्रा भक्तिमय बनी हुई है।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि 360 महायात्रा में शामिल सभी कांवरिया पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा कर रहे हैं। जैसे-जैसे चुरकी पानी धाम की दूरी कम हो रही है, वैसे-वैसे सभी का उत्साह बढ़ता जा रहा है। बाबा भोलेनाथ की भक्ति में सभी कांवरिया पूरी तरह मगन हैं।

अब श्रद्धालुओं की निगाहें यात्रा के अंतिम पड़ाव चुरकी पानी धाम पर टिकी हैं, जहां पहुंचकर कांवरियों द्वारा वाराणसी से लाए गए पवित्र गंगाजल से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ 360 महायात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर तेजी से बढ़ रही है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें