

साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों एवं शासकीय कार्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, 750 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने लिया हिस्सा
अंबिकापुर, 20 अगस्त 2026 डीआईजी/एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री रितेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में जिले के स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रथम सप्ताह के अंतर्गत “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगवां, सरगवां ग्राम सभा, सिलसिला हायर सेकेंडरी स्कूल, संत हरकेवल विद्यापीठ अंबिकापुर, तहसील कार्यालय लुन्ड्रा, संत पॉल स्कूल मझलीपीठ नवागढ़, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उत्कृष्ट विद्यालय ब्रम्हपारा, बीटीआई कॉलेज गांधीनगर, आईटीआई उदयपुर, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर, जनपद पंचायत सभागार उदयपुर एवं केशवपुर आत्मानंद हाई स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को OTP, UPI एवं QR कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने लोगों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने तथा किसी के कहने पर QR कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
“जागरूकता की एक Selfie” अभियान में भी सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के तहत छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को जागरूकता QR कोड की जानकारी दी गई। QR कोड के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने QR कोड के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उत्कृष्ट विद्यालय ब्रम्हपारा की प्राचार्या श्रीमती लक्ष्मी सिंह, नवा बिहान से श्री अजय तिवारी, श्री मंगल पाण्डेय, उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनुराग वर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिगेश्वर वर्मा, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, महिला थाना से सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, महिला आरक्षक सविता मरावी, महिला आरक्षक पूनम सिंह, आरक्षक शम्भू प्रसाद, राहुल केरकेट्टा, लालबाबू सिंह, सैनिक संतोष पाठक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ग्राम सरगवां के सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं विधिक सेवा अधिकार मित्र दुर्गा सिंह की भी सहभागिता रही। पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता एवं विकेश राजवाड़े ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 750 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। उपस्थित लोगों ने स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











