

सीतापुर में एक करोड़ से अधिक की ज्वेलरी उठाईगिरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता
ओडिशा के गंजाम से लूटी गई ज्वेलरी बरामद, आरोपियों की तलाश जारी
अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ओडिशा के गंजाम क्षेत्र से घटना में लूटी गई ज्वेलरी बरामद कर ली है। हालांकि वारदात में शामिल आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग अपनी स्कूटी में लटका रखा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश बैग निकालकर फरार हो गया। बैग में करीब 800 ग्राम से अधिक सोने तथा लगभग ढाई किलो चांदी के आभूषण बताए गए थे, जिनकी कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक थी।
घटना के बाद पुलिस ने मौके एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात में चार आरोपियों के शामिल होने तथा उनके दो मोटरसाइकिलों से फरार होने की जानकारी सामने आई। जांच के दौरान आरोपियों के ओडिशा के गिरोह से जुड़े होने के सुराग पुलिस को मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा पुलिस की विशेष टीमों को ओडिशा भेजा गया। टीमों ने लगातार छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। इसी कार्रवाई के दौरान ओडिशा के गंजाम क्षेत्र से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद करने में सफलता मिली है।
बरामद आभूषणों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने व्यवसायी के परिवार को ज्वेलरी की तस्वीरें भेजकर तस्दीक भी कराई है। पुलिस टीम बरामद ज्वेलरी के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद सीतापुर के व्यापारियों में भारी आक्रोश था। व्यापारियों ने वारदात के विरोध में चक्काजाम एवं प्रदर्शन किया था। इसके बाद व्यापारी संघ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया था। व्यापारियों ने मंगलवार को नगर बंद एवं चक्काजाम का ऐलान किया था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें ओडिशा सहित अन्य संभावित ठिकानों पर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरामद ज्वेलरी की मात्रा, मामले में सामने आए आरोपियों और पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











