सूत्रीय मांगों को लेकर 20 जून से किसान करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, धरना प्रदर्शन
बलरामपुर/रामानुजगंज। दो सूत्रीय मांगों को लेकर रामानुजगंज क्षेत्र के किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। किसानों द्वारा अपनी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एसडीएम, थाना प्रभारी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के शाखा प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलन के तहत धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा।
किसानों ने बताया कि धान विक्रय वर्ष 2025-26 की बकाया राशि का भुगतान तथा किसानों के नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मामलों को समाप्त करने की मांग को लेकर 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) रामानुजगंज को सौंपा गया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी है।
धरना स्थल पर उपस्थित किसानों ने एसडीएम को पुनः ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो 20 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
किसानों की प्रमुख मांगें:
धान विक्रय वर्ष 2025-26 की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।
किसानों के नाम पर दर्ज फर्जी केसीसी मामलों को समाप्त कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
किसानों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और जब तक उनका समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों की समस्याओं का निराकरण करने की अपील की है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








