




घुनघुट्टा नदी में दर्दनाक हादसा: भांजी को बचाने कूदे मामा की भी डूबने से मौत, क्षेत्र में शोक की लहर


सरगुजा, 25 अप्रैल 2026।जिले के अंबिकापुर क्षेत्र अंतर्गत घुनघुट्टा नदी में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें नहाने के दौरान डूब रही भांजी को बचाने के प्रयास में मामा की भी जान चली गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नमना कला निवासी ईश्वर सोनी की 12 वर्षीय पुत्री सिन्नी सोनी, जो रायपुर में पढ़ाई करती है, गर्मी की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी। शनिवार को परिवार के सदस्य घूमने के उद्देश्य से घुनघुट्टा नदी गए थे।
देर शाम करीब 5:30 बजे सिन्नी नहाने के लिए नदी में उतरी, लेकिन अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। यह देख वहां मौजूद उसके मामा विनीत सोनी (पिता राकेश सोनी) उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद पड़े। दुर्भाग्यवश, पानी की गहराई और बहाव के कारण दोनों ही बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
घटना के बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे मोहल्ले और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











