




अंबिकापुर आगजनी कांड: प्रभावितों को मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
अंबिकापुर। शहर के मध्यस्थल स्थित मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में हुई भीषण आगजनी की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आज कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने एवं दोषी संस्थान के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 23 अप्रैल की दोपहर शहर के घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में स्थित उक्त दुकान में भीषण आग लग गई थी। संकरी गली में संचालित इस संस्थान में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था, साथ ही भवन में प्लास्टिक सामग्री भी रखी गई थी। अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे न केवल दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई बल्कि आसपास के कई घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि संबंधित संस्थान के संचालकों के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहर में संचालित ऐसे अन्य खतरनाक भंडारण स्थलों की पहचान कर उन्हें शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग रखी कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर आगजनी से प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन किया जाए और निर्धारित समयसीमा में मुआवजा दिलाया जाए, जिसकी भरपाई दोषी संस्थान संचालकों से कराई जाए।
मंत्री राजेश अग्रवाल के बयान पर आपत्ति जताते हुए श्री पाठक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता के प्रति होता है, न कि किसी दोषी व्यवसायी के प्रति। उन्होंने कहा कि इस मामले में मंत्री का रुख निराशाजनक है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, विनित विशाल जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिनेश शर्मा एवं परवेज आलम गांधी उपस्थित रहे।
दमकल व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग
कांग्रेस ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि अंबिकापुर शहर की बढ़ती आबादी, ऊंची इमारतों तथा संकरी गलियों को ध्यान में रखते हुए दमकल विभाग को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाए।
दमकल कर्मियों को अग्निरोधी वस्त्र एवं अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, शहर के प्रमुख स्थानों पर फायर ब्रिगेड वाहनों के लिए पानी भरने हेतु स्थायी प्वाइंट बनाए जाएं। साथ ही विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का नियमितीकरण कर उनके वेतन एवं सेवा शर्तों में सुधार किया जाए।


Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











