Search
Close this search box.

बतौली में बड़ी चोरी की वारदात – श्री हरि फैशन सहित दो दुकानों में चोरों का धावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बतौली में बड़ी चोरी की वारदात – श्री हरि फैशन सहित दो दुकानों में चोरों का धावा

बतौली (सरगुजा)। अंबिकापुर जिले के अंतर्गत बतौली नगर में बीती रात बीच शहर स्थित प्रतिष्ठित कपड़ा प्रतिष्ठान श्री हरि फैशन में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमा हरकत में आ गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठित व्यापारी श्री हरी गुप्ता के स्वामित्व वाली तीन मंजिला कपड़ा दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किए चोरों ने नगदी के साथ-साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज, खाता-बही, चेक बुक और एटीएम कार्ड भी चोरी कर लिए। गल्ले में रखी नगदी लगभग 25 से 30 हजार रुपए बताई जा रही है। चूंकि दुकान तीन फ्लोर में संचालित है, इसलिए कुल नुकसान का आंकलन अभी जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉग स्क्वायड टीम को भी अंबिकापुर से बुलाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

उल्लेखनीय है कि हरी गुप्ता नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी हैं तथा उनकी पत्नी जनपद पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर आसीन हैं। स्थानीय स्तर पर हरी गुप्ता को सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के प्रभावशाली नेता के रूप में जाना जाता है। ऐसे में इस घटना को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी कोण से जांच से इनकार नहीं किया है और इसे सामान्य आपराधिक वारदात मानते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इसी दौरान, श्री हरि फैशन के ठीक सामने स्थित जय माता दी कृषि एग्रो, संचालक श्री संतोष गुप्ता की दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 70 से 80 हजार रुपए नगद पार कर दिए। संतोष गुप्ता की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की तस्वीर स्पष्ट रूप से दिखाई देने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।

बीच मुख्य मार्ग पर स्थित दो प्रतिष्ठानों में एक ही रात हुई इस बड़ी वारदात ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

नगर के व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें