Search
Close this search box.

निरीक्षक स्व. श्री रामसाय पैकरा की पत्नी को निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिला 01 करोड़ रुपये का जीवन बीमा लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निरीक्षक स्व. श्री रामसाय पैकरा की पत्नी को निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिला 01 करोड़ रुपये का जीवन बीमा लाभ

जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिए संचालित महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा जिला जशपुर में पदस्थ दिवंगत निरीक्षक स्व. श्री रामसाय पैकरा की पत्नी श्रीमती मुनेश्वरी पैकरा को 1,00,00,000/- रुपये (एक करोड़ रुपये मात्र) का जीवन बीमा सहायता चेक प्रदान किया गया।

स्व. निरीक्षक श्री रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित चंदखुरी स्थित सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में सम्मिलित होने गए थे। प्रशिक्षण पूर्ण कर 27 जुलाई 2025 को अपने गृह ग्राम सुरगांव, सीतापुर लौटने के दौरान घर में विद्युत करंट की चपेट में आने से उनका दुर्भाग्यपूर्ण एवं असामयिक निधन हो गया था। वे सेवानिवृत्ति से लगभग छह माह पूर्व ही दिवंगत हो गए।

स्व. श्री पैकरा की पुलिस सेवा में नियुक्ति 01 जून 1983 को जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में आरक्षक पद पर हुई थी। वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में सहायक उप निरीक्षक, 2009 में उप निरीक्षक तथा वर्ष 2014 में निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्राप्त की। उन्होंने अपने सेवाकाल में विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट सेवाएं दीं तथा वर्ष 2022 से जिला जशपुर में पदस्थ थे। वे एक सरल, सौम्य, व्यवहारकुशल एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में विभाग में विशेष सम्मान रखते थे।

छत्तीसगढ़ शासन एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य हुए एमओयू के तहत संचालित निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत यह सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर एसबीआई उप महाप्रबंधक बिलासपुर श्री आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर श्री अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक एसबीआई अंबिकापुर श्री शिरीष गीर एवं मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर श्री चंदन राठौर द्वारा जीवन बीमा का चेक दिवंगत निरीक्षक के परिजनों को सौंपा गया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा ने एसबीआई अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता न केवल पीड़ित परिवार के लिए वित्तीय संबल है, बल्कि विभागीय संवेदना एवं उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक भी है।

एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत एसबीआई में वेतन खाता संचालित करने वाले पुलिस कर्मियों को दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में 01 करोड़ रुपये एवं सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इस अवसर पर एसबीआई अधिकारियों द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई कि वे अपने वेतन खातों को अनिवार्य रूप से इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत कराकर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करें।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सरगुजा रेंज अंतर्गत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं पात्र नामिनियों को नियमानुसार लाभ प्रदान करने हेतु एसबीआई अधिकारियों से चर्चा भी की गई।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें