बतौली–बगीचा मार्ग पर ग्राम पंचायत बोदा में पिकअप वाहन से 13 गायों की तस्करी का प्रयास विफल, पुलिस विवेचना जारी
सरगुजा/बतौली। आज बतौली से बगीचा के बीच ग्राम पंचायत बोदा में एक पिकअप वाहन के माध्यम से 13 गायों को अवैध रूप से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों की सतर्कता से पिकअप वाहन को मौके पर ही रोककर खड़ा कर दिया गया। इसके बाद सभी गायों को ग्रामवासियों, सरपंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है और संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में गौ तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे आमजन में आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अब यह देखने योग्य होगा कि स्थानीय प्रशासन कब तक गौ तस्करी जैसे गंभीर मामलों पर पूर्ण अंकुश लगाने में सफल हो पाता है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








