घरेलू विवाद में गर्भवती पत्नी की निर्मम हत्या – आरोपी पति गिरफ्तार
अंबिकापुर | 08 नवम्बर 2025 सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जजगा कठरापारा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। मृतका लगभग 7 माह की गर्भवती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। शनिवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने आपा खोते हुए डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद सीतापुर थाना प्रभारी एवं पुलिस दल मौके पर पहुँचा और शव को कब्जे में लेकर शॉर्ट पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला सात माह की गर्भवती थी और उसकी मौत अत्यधिक चोट लगने से हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की है और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








