Search
Close this search box.

सीतापुर में एक करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का अब तक खुलासा नहीं, व्यापारियों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीतापुर में एक करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का अब तक खुलासा नहीं, व्यापारियों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े हुई करीब एक करोड़ रुपये की ज्वेलरी उठाईगिरी की वारदात को पखवाड़ेभर से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से सर्राफा व्यापारियों एवं व्यापारी संघ में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है।

पुलिस के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज सर्राफा व्यापारी एवं व्यापारी संघ ने अब थाना परिसर के समीप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

26 जुलाई को हुई थी बड़ी वारदात

गौरतलब है कि 26 जुलाई को काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो उठाईगीरों ने स्कूटी में टंगा ज्वेलरी से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी होने की बात सामने आई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे नगर में हड़कंप मच गया था और व्यापारियों ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

नगर बंद और चक्काजाम के बाद मिला था गिरफ्तारी का आश्वासन

घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने नगर बंद एवं चक्काजाम कर विरोध जताया था। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने व्यापारियों से चर्चा कर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने तथा एक सप्ताह के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। इसके बाद व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया था।

इसके बाद व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने आईजी एवं एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों के लगातार काम करने की जानकारी दी गई थी। इससे व्यापारियों को उम्मीद थी कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

समयसीमा बीतने के बाद भी नहीं मिला ठोस सुराग

व्यापारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा दिए गए आश्वासन और निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही मामले में कोई ठोस प्रगति सामने आई। व्यापारियों के अनुसार पुलिस की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

ज्ञापन सौंपकर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

पुलिस की कार्यशैली से नाराज सर्राफा व्यापारी एवं व्यापारी संघ के सदस्यों ने आंदोलन शुरू करने से पहले एसडीओपी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की जानकारी दी। इसके बाद थाना परिसर के बाजू में धरना प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया गया है।

व्यापारियों ने दो टूक कहा है कि दिनदहाड़े हुई इतनी बड़ी वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने और लूटी गई ज्वेलरी बरामद करने की मांग की है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें