कांवड़ यात्रा के मद्देनजर खरसिया रोड एवं रामानुजगंज रोड पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध

अंबिकापुर, 07 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरगुजा पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन एवं निकासी पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार 07 अगस्त 2026 की रात 9 बजे से 10 अगस्त 2026 की दोपहर 12 बजे तक कांवड़ यात्रा रूट पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान शंकरघाट मंदिर से लुचकी घाट, चेंद्रा, रघुनाथपुर, बतौली सहित आगामी यात्रा मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने तथा यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
रामानुजगंज रोड: ककना मोड़ से रामानुजगंज चौक/बंगाली चौक तक।
बंगाली चौक से खरसिया नाका/भारत माता चौक तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
अंबिकापुर-बतौली मार्ग पर भी भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
खरसिया रोड पर 07 अगस्त की रात 9 बजे से 10 अगस्त की दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही एवं निकासी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
सरगुजा पुलिस के अनुसार बिलासपुर, बनारस, सूरजपुर एवं बलरामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को 09 अगस्त 2026 की दोपहर 12 बजे के बाद तथा रायगढ़ रोड की ओर जाने वाले भारी वाहनों को 10 अगस्त 2026 की दोपहर 12 बजे के बाद छोड़ा जाएगा।
भारी वाहनों के लिए डायवर्सन व्यवस्था
रामानुजगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन ककना मोड़ से कल्याणपुर होते हुए अंबिकापुर आ-जा सकेंगे।
रामानुजगंज रूट पर जाने वाले भारी वाहन प्रताप रोड से कल्याणपुर होते हुए ककना मोड़ से रामानुजगंज रोड की ओर जा सकेंगे।
बिलासपुर रोड से बनारस की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
मनेन्द्रगढ़ रोड से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर रोड एवं बनारस रोड की ओर आवागमन कर सकेंगे।
सरगुजा पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने भारी वाहनों के संचालकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि 07 से 10 अगस्त 2026 के बीच निर्धारित समयावधि में अपने भारी वाहनों को कांवड़ यात्रा के प्रतिबंधित मार्गों पर न भेजें। निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करें और पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।
पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना तथा भारी वाहनों के कारण होने वाली संभावित दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोकना है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







