सरगुजा के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने संभाला पदभार
जनसेवा, प्रभावी कानून-व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
सरगुजा /सरगुजा जिले में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी श्री चौधरी ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत श्री चौधरी ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) से सौजन्य भेंट कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा एवं सामुदायिक पुलिसिंग सहित पुलिसिंग की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने शाखावार कार्यप्रणाली और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को बेहतर, संवेदनशील और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि सरगुजा में पदस्थापना से पूर्व श्री रितेश चौधरी उप सेनानी, 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा (जिला बालोद) में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ सरगुजा जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को मिलने की उम्मीद है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







