राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतने पर ASI ज्ञानेश्वरी यादव को डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने दी बधाई
अंबिकापुर। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 (Commonwealth Games 2026) में भारत एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
प्रतियोगिता में सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में 88 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 111 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन के साथ उन्होंने पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव से सीधे संवाद किया तथा सरगुजा पुलिस एवं समस्त छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता उनकी अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और अटूट दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस बल, प्रदेश के युवाओं एवं खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
सरगुजा पुलिस ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली अपनी होनहार खिलाड़ी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







