मौखिक स्वच्छता अपनाएं, दांतों को स्वस्थ रखें; रूट कैनाल से बच सकता है प्राकृतिक दांत : डॉ. एम.एस. नवाज
अंबिकापुर। एक अगस्त ओरल हाइजीन डे के अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.एस. नवाज ने लोगों से मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दांत न केवल भोजन चबाने में सहायक होते हैं, बल्कि सुंदर मुस्कान और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। मुंह का स्वास्थ्य पूरे शरीर से जुड़ा होता है, इसलिए दांतों और मसूड़ों की नियमित देखभाल आवश्यक है।
डॉ. नवाज ने बताया कि मुंह में संक्रमण होने पर बैक्टीरिया शरीर के अन्य अंगों तक पहुंच सकते हैं, जिससे हृदय रोग, मधुमेह, निमोनिया, गर्भावस्था संबंधी जटिलताएं, स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। नियमित ब्रश, फ्लॉस और समय-समय पर दंत परीक्षण कराने से दांतों की सड़न, मसूड़ों की बीमारी, मुंह की दुर्गंध और कई अन्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दांत में दर्द होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के बार-बार दर्द निवारक दवाएं लेना उचित नहीं है। दर्द का सही कारण जानने के लिए दंत चिकित्सक से जांच कराना आवश्यक है। अधिकांश मामलों में समय पर रूट कैनाल उपचार (RCT) के माध्यम से संक्रमित दांत को बचाया जा सकता है और उसे निकालने की जरूरत नहीं पड़ती।
डॉ. नवाज के अनुसार, यदि दांत में गहरी कैविटी, तेज दर्द, सूजन, मवाद, ठंडा-गर्म लगना, दांत का रंग बदलना या दांत घिस जाने जैसी समस्याएं हों तो रूट कैनाल उपचार प्रभावी विकल्प हो सकता है। इस प्रक्रिया में संक्रमित नस (पल्प) को निकालकर दांत को अच्छी तरह साफ किया जाता है, विशेष सामग्री से भरकर सील किया जाता है तथा आवश्यकता पड़ने पर उसके ऊपर क्राउन (कैप) लगाया जाता है, जिससे दांत लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी बना रहता है।
उन्होंने बताया कि उपचार के बाद कुछ समय तक हल्की संवेदनशीलता या दर्द सामान्य है, जो दवाओं से नियंत्रित हो जाता है। रूट कैनाल के बाद नियमित दंत जांच, दिन में दो बार ब्रश, फ्लॉस का उपयोग, कठोर एवं चिपचिपे खाद्य पदार्थों से परहेज तथा समय-समय पर एक्स-रे कराने से उपचारित दांत लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है।
ओरल हाइजीन डे के अवसर पर डॉ. एम.एस. नवाज ने लोगों से अपील की कि दांतों में किसी भी प्रकार की समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते दंत चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराएं। नियमित मौखिक स्वच्छता अपनाकर न केवल दांतों को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाया जा सकता है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







