अंबिकापुर में दिनदहाड़े महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अंबिकापुर, 16 जुलाई। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के पास गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने शिक्षा विभाग की एक महिला अधिकारी के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ पूनम तिवारी गुरुवार दोपहर भोजन के बाद करीब 3:30 बजे स्कूटी से कार्यालय लौटी थीं। उन्होंने कार्यालय के बाहर स्कूटी खड़ी की और जैसे ही डीईओ कार्यालय के गेट की ओर बढ़ीं, पीछे से हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक पहुंचे। इनमें से एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में दोनों संदिग्ध बाइक सवार नजर आए हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान और तलाश की जा रही है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। शहर के बीचोंबीच और थाना क्षेत्र के समीप हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








