Search
Close this search box.

अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा

सीतापुर/अंबिकापुर। अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग पर सीतापुर पहुंचने से पहले सड़क की जर्जर स्थिति यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। बारिश शुरू होते ही सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया, चारपहिया वाहनों से लेकर एंबुलेंस तक को गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की हालत लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

उल्लेखनीय है कि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो समय-समय पर विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता में कमी मिलने पर सड़क तक तुड़वाकर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश देते रहे हैं। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग की खराब स्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस मुख्य मार्ग के मरम्मत एवं निर्माण कार्य की शुरुआत कब होगी। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता को एक बार फिर आंदोलन और विरोध का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

प्रशासन एवं संबंधित विभाग से लोगों ने शीघ्र सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल वाहन चालकों से अपील है कि अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग, विशेषकर सीतापुर पहुंचने से पहले, अत्यंत सावधानी से वाहन चलाएं। बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें