पति की चरित्र शंका से नाराज पत्नी ने की हत्या, बतौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार
अंबिकापुर, 28 जून 2026। सरगुजा जिले की बतौली पुलिस ने हत्या के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ईंट, पत्थर, लकड़ी का फाड़ी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना बतौली क्षेत्र के ग्राम कदनई लोटाभावना निवासी नेतराम मझवार की 27 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण, शव परीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर यह सामने आया कि 26 जून की रात पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था।
जांच में पता चला कि पति द्वारा बार-बार चरित्र पर संदेह किए जाने से नाराज पत्नी मानकुंवर (40 वर्ष) ने गुस्से में ईंट, पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से पति के सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामान और कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आभाष मिंज, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, महिला प्रधान आरक्षक मेबिश खाखा, आरक्षक राकेश एक्का, राजेश खलखो, राजू कुजूर, जोगी तथा महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट और किरण तांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बतौली पुलिस ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








