डीआईजी एवं एसएसपी ने लंबित दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा हेतु अभियोजन अधिकारियों के साथ की साझा बैठक
दोषमुक्ति के कारणों की समीक्षा कर दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर दिया जोर
सरगुजा / डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में पूर्व से लंबित दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा हेतु जिला अभियोजन अधिकारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी एवं लोक अभियोजकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीआईजी एवं एसएसपी ने लंबित सेशन ट्रायल प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अभियोजन अधिकारियों से प्रकरणवार चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित दोषमुक्ति प्रकरणों की शीघ्र समीक्षा कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए।
बैठक के दौरान लंबित प्रकरणों में दोषमुक्ति के कारणों का विश्लेषण कर उन्हें दूर करने तथा भविष्य में दोषसिद्धि के प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रकरणों में पाई गई कमियों एवं त्रुटियों को समय रहते दूर करने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई, ताकि न्यायालय में विचारण के दौरान आरोपियों को तकनीकी आधार पर किसी प्रकार का लाभ न मिल सके।
बैठक में उप निदेशक अभियोजन श्री राजेश खलखो, जिला अभियोजन अधिकारी श्री चंद्र प्रकाश केशरी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी श्री अल्बर्ट टोप्पो, श्री नटराज पाण्डेय, लोक अभियोजक श्री गौरांगो सिंह, श्री नरेन्द्र पाण्डेय (जीपी), श्री विवेक शुक्ला (एसजीपी), रीडर अमित पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








