Search
Close this search box.

अपर्याप्त तैयारियों के बीच विद्यालय संचालन पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अपर्याप्त तैयारियों के बीच विद्यालय संचालन पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

सरगुजा / छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गाँधी ने सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा को पत्र प्रेषित कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 16 जून से प्रारंभ किए गए विद्यालय संचालन पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अनेक विद्यालयों में अब तक आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं हो सकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि कई विद्यालयों में अभी तक सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं। अनेक स्कूल एकल शिक्षकीय व्यवस्था पर संचालित हो रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई विद्यालयों के भवन जर्जर अवस्था में हैं तथा आवश्यक मरम्मत कार्य भी पूर्ण नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी एवं उमस के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा कई विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली एवं पंखों जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। फर्नीचर, ब्लैकबोर्ड और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी भी विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा बन रही है।

परवेज आलम गाँधी ने यह भी बताया कि कई विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं मध्यान्ह भोजन योजना के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता भी सभी विद्यालयों में सुनिश्चित नहीं हो सकी है।

उन्होंने वर्षा ऋतु के मद्देनजर विद्यालय भवनों, छतों एवं परिसर की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है।

प्रदेश महासचिव ने संयुक्त संचालक शिक्षा से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हित में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा सरगुजा संभाग के सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें