शराब पीने से रोकने पर युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
बतौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का गेंड़ा और फाड़ी बरामद
अंबिकापुर/बतौली, 22 जून। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोकसरी में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के पास शराब पीने से रोकने और इसी बात को लेकर हुए विवाद की रंजिश में आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार ग्राम पोकसरी निवासी बिन्द्रा राम ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून को उसके छोटे भाई संतलाल ने गांव के जानचंद को घर के पड़ोस में शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। शिकायत में बताया गया कि 21 जून की रात करीब 12.30 बजे जानचंद और सुखऊ राम मोटरसाइकिल से संतलाल को खोजते हुए उसके घर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज कर रहे थे।
अगली सुबह संतलाल का शव ग्राम पोकसरी के बंधवाटिकरा स्थित बंधवा गुड़ी के पास पड़ा मिला। शव के सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल के पास लकड़ी का गेंड़ा, लकड़ी की फाड़ी, मृतक का मोबाइल और टांगी भी बरामद हुई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 70/26 के तहत धारा 103(1), 332(क), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना बतौली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की तलाश शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी जानचंद (23 वर्ष) पिता रघन सिंह एवं सुखऊ राम (24 वर्ष) पिता महावीर, दोनों निवासी ग्राम पोकसरी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का गेंड़ा, लकड़ी की फाड़ी, मृतक का मोबाइल और टांगी जब्त कर ली है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शिव कुमार ध्रुव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








