भीषण सड़क हादसे में अज्ञात युवक की मौत
बतौली/ सरगुजा जिले के सेदम साप्ताहिक बाजार के समीप मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 15 AC 5090 का टायर रात लगभग 11:00 बजे फट जाने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा किया गया था। आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया और पार्किंग लाइट सहित आवश्यक सुरक्षा संकेतकों का उपयोग नहीं किया।
इसी दौरान अंधेरे में आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ट्रक चालक को पहले ही पार्किंग लाइट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी गई थी, ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके। इसके बावजूद चालक द्वारा आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








