गोचर भूमि की कथित फर्जी रजिस्ट्री और बिक्री का मामला गरमाया, वार्डवासियों ने की जांच एवं कार्रवाई की मांग
सीतापुर, 23 मई 2026। सीतापुर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 7 केसला में गोचर मद की भूमि को कथित रूप से अवैध तरीके से अपने नाम दर्ज कराकर बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फर्जी पट्टा एवं रजिस्ट्री निरस्त कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगुजा सेटलमेंट अंतर्गत गोचर मद की भूमि खसरा क्रमांक 389/4, रकबा 0.922 हेक्टेयर को केसला निवासी असरफ खान पिता जनाब सूबेदार द्वारा पूर्व के पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर अपने नाम दर्ज करा लिया गया। आरोप है कि नामांतरण होने के कुछ समय बाद उक्त भूमि को सीतापुर सोनारपारा निवासी अमित कुमार सोनी पिता विनोद सोनी के नाम कम कीमत पर विक्रय कर रजिस्ट्री करा दी गई।
वार्ड पार्षद राजेश कन्दरा एवं स्थानीय बुजुर्गों ने बताया कि संबंधित भूमि वर्षों से गोचर भूमि के रूप में उपयोग में रही है, जहां वार्डवासी अपने मवेशियों को चराने ले जाते थे। इसी भूमि से होकर महुआपारा, स्कूलपारा एवं खनिहारपारा के लोगों का नदी किनारे स्थित मुक्तिधाम तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग भी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त भूमि की कथित अवैध रजिस्ट्री वर्ष 2006 में की गई थी। लंबे समय तक मामला शांत रहने के बाद लगभग दो वर्ष पूर्व भूमि खरीददार द्वारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। उस समय वार्डवासियों ने नवंबर 2024 में कलेक्टर सरगुजा से शिकायत की थी, जिसके बाद तत्काल कब्जा नहीं हो सका, लेकिन मामले की जांच लंबित रही। आरोप है कि राजस्व विभाग की सुस्ती का फायदा उठाकर एक बार फिर हाल के दिनों में भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में वार्डवासियों ने पुनः कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार को शिकायत सौंपते हुए फर्जी रजिस्ट्री निरस्त करने, भूमि को पुनः गोचर मद में दर्ज करने तथा मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर सीतापुर तहसीलदार रुपाली मेश्राम ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








