Search
Close this search box.

मैनपाट के सेला रिसॉर्ट को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा में उठाया सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपाट के सेला रिसॉर्ट को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा में उठाया सवाल
सीतापुर/ सीतापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में सैलानियों की सुविधा हेतु निर्मित सेला रिसॉर्ट को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा सत्र के दौरान महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया।
विधायक श्री टोप्पो ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से रिसॉर्ट की स्थापना, लागत, सुविधाओं एवं वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।
उन्होंने बताया कि मैनपाट क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के सैलानियों को आकर्षित करता है। यहां पर्यटकों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2019 से 2021 के बीच सेला रिसॉर्ट का निर्माण कराया गया, जिसकी कुल लागत 2137.38 लाख रुपए है।
पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने सदन में जानकारी देते हुए बताया कि सेला रिसॉर्ट लगभग 8.093 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित है। इसके निर्माण में ट्रायबल वर्कशॉप सेंटर, सायकल ट्रैक, इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल, क्राफ्ट एवं हर्बल हाट, कैफेटेरिया, सोवेनियर शॉप, टूरिस्ट रिसेप्शन एवं फैसिलिटेशन सेंटर, पगोड़ा, ओपन एंफीथियेटर, ट्रायबल इंटरप्रिटेशन सेंटर, पार्किंग, जलापूर्ति व्यवस्था, सोलर लाइट, इको कुकिंग स्पॉट, वॉक-वे, ब्रिज, सीसी रोड, लास्ट माइल कनेक्टिविटी एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।
साथ ही रिसॉर्ट के रखरखाव हेतु प्रतिमाह 67,630 रुपए की राशि निर्धारित की गई है।
इस पर विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थल निरीक्षण की आवश्यकता है, क्योंकि अभी भी कुछ कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि रिसॉर्ट के मेंटेनेंस कार्यों में स्थानीय स्व-सहायता समूहों को शामिल किया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
विधायक ने कहा कि मैनपाट जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल का समुचित विकास एवं संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें