राशन वितरण प्रणाली को डिजिटल बनाने को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा में उठाया सवाल
अम्बिकापुर/सीतापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पूरी तरह डिजिटल बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री से इस संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक टोप्पो ने अपने प्रश्न में पूछा कि छत्तीसगढ़ में राशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए सरकार की क्या योजना है। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि हितग्राहियों की शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर क्या निर्धारित किया गया है तथा क्या हितग्राहियों को राशन दुकान में खाद्यान्न पहुंचने की सूचना एसएमएस के माध्यम से दी जाती है। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि यह डिजिटल व्यवस्था वर्तमान में राज्य के किन-किन क्षेत्रों में लागू की गई है।
इसके साथ ही विधायक टोप्पो ने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए। उन्होंने पूछा कि क्षेत्र की कितनी उचित मूल्य दुकानों में मांग के आधार पर खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की कितनी उचित मूल्य दुकानों में ई-पास मशीनें स्थापित की गई हैं।
विधायक ने यह भी पूछा कि यदि किसी हितग्राही का बायोमेट्रिक सत्यापन असफल हो जाता है तो उसके लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध है, ताकि उसे राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2023 से 2025 तक के दौरान जमाखोरी और मिलावटखोरी के मामलों में प्राप्त शिकायतों की संख्या तथा दोषियों पर की गई कार्रवाई और लगाए गए दंड की जानकारी भी मांगी। उन्होंने खाद्यान्न की चोरी या लीकेज को रोकने के लिए सरकार द्वारा सुनिश्चित की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी चाही।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए इस व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाना आवश्यक है, ताकि हितग्राहियों को समय पर और पूरा राशन मिल सके।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








