विभिन्न विभागों के रिक्त पदों में शीघ्र भर्ती की मांग को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
अम्बिकापुर/सीतापुर, छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2026 के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने राज्य के विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का मुद्दा सदन में उठाया।
विधायक टोप्पो ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्र है, जहां लाखों युवा वर्षों से विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई विभागों में लंबे समय से पद रिक्त होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया समय पर प्रारंभ नहीं हो पाती, जिसके कारण अनेक युवा आयु सीमा पार कर जाते हैं और उन्हें सरकारी सेवा में अवसर प्राप्त नहीं हो पाता। यह स्थिति युवाओं के भविष्य के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रभाव डालती है।
विधायक टोप्पो ने सरकार से मांग की कि सभी विभागों में रिक्त पदों की शीघ्र पहचान कर पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और प्रशासनिक कार्य भी सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
उन्होंने कहा कि यदि समय पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है तो इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को लाभ मिलेगा और सरकारी तंत्र भी मजबूत होगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








