भैयाथान ब्लॉक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गंभीर समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
सूरजपुर | 20 फरवरी 2026 भैयाथान विकासखंड अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भैयाथान को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
दुकान संचालकों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि समय पर खाद्यान्न भंडारण नहीं होने के कारण उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मूल आबंटन में बिना सहमति के कटौती कर दी जाती है, तथा शेष राशन के लिए अतिरिक्त आबंटन का फॉर्म भरने को बाध्य किया जाता है, जबकि संचालक केवल अपना मूल आवंटन ही मांगते हैं। इसके साथ ही परिवहनकर्ताओं द्वारा भंडारण में आनाकानी भी की जाती है, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वितरण व्यवस्था की स्थिति भी अत्यंत चिंताजनक बताई गई है। जनवरी माह का आवंटन गोदाम में उपलब्ध नहीं होने के कारण अनेक दुकानों में एपीएल व बीपीएल चावल तथा शक्कर का वितरण नहीं हो सका, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। संचालकों ने जनवरी माह का शेष राशन दिलवाने एवं वितरण का विकल्प पुनः खोलने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त कमीशन एवं मार्जिन राशि के भुगतान में भारी अनियमितता का आरोप भी लगाया गया है। कई दुकानदारों को जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक का कमीशन भुगतान नहीं मिला है, वहीं जिनका भुगतान हुआ है, उसमें भी कोई स्पष्ट मापदंड नहीं अपनाया गया, किसी को 500, किसी को 1000 तो किसी को 1500 रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दुकानदारों ने मांग की है कि ब्लॉक की सभी 89 उचित मूल्य दुकानों का विस्तृत भुगतान विवरण खाता संख्या सहित सार्वजनिक किया जाए, तथा लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण दुकान संचालकों को डी.डी. पटाने जैसी समस्याओं से न जूझना पड़े।
दुकान संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी बिंदुओं पर त्वरित एवं ठोस कार्यवाही कर व्यवस्था को सुचारू किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न मिल सके और दुकानदारों को आर्थिक संकट से राहत मिले।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








