Search
Close this search box.

बतौली विकास मंच की बैठक में विकास, नशा-मुक्ति और सामाजिक सौहार्द पर अहम निर्णय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बतौली विकास मंच की बैठक में विकास, नशा-मुक्ति और सामाजिक सौहार्द पर अहम निर्णय
बतौली।  बतौली विकास मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक मंच के संयोजक एवं अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता के निवास पर उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में धार्मिक-सांस्कृतिक विकास, सामाजिक सुधार, जनसुरक्षा, नशा-मुक्ति अभियान तथा संगठन के पंजीयन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पंचमुखी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार पर सहमति, जनसहयोग की अपील
बैठक में भट्को रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार एवं परिसर विकास का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से समर्थन मिला। निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, बैठने योग्य व्यवस्था विकसित की जाएगी ताकि भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। हनुमान जयंती के बाद गर्भगृह से संबंधित कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है।
इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना, एकता और नैतिकता को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। जनकल्याण के साथ-साथ नशा-मुक्ति हेतु निरंतर और संगठित प्रयास करने होंगे, जिसके लिए हमें फिर से एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मंदिर जीर्णोद्धार में सहयोग की अपील भी की। मंच ने बताया कि यह मंदिर क्षेत्र का प्राचीन और सुप्रसिद्ध आस्था-केंद्र है, जिसकी मान्यता समय के साथ और बढ़ी है।
नशा-मुक्ति, व्यक्तित्व विकास, यातायात नियंत्रण और संगठनात्मक विस्तार
बैठक में नशा-मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि दशहरा के अवसर पर रावण दहन की रात बतौली विकास मंच के सदस्य एकरूप वेशभूषा में रैली निकालेंगे और नशा-मुक्ति व सामाजिक सौहार्द का संदेश देंगे। साथ ही होली और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
उपाध्यक्ष जितेश्वर पाठक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का स्वयं के व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। जब व्यक्ति जागरूक और अनुशासित होगा, तभी समाज मजबूत बनेगा।बैठक में हाई-स्पीड बाइकर्स पर नियंत्रण के लिए पुलिस थाने में ज्ञापन सौंपने तथा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बतौली के सामने बैरिकेटिंग लगाने हेतु पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में मंच के पंजीयन पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष जितेश्वर पाठक, पूनम गुप्ता, प्रवीण गर्ग, राम प्रसाद मरावी, निरंजन गुप्ता, सचिव राजेश अग्रवाल, सह-सचिव आयुष अग्रवाल एवं ईश्वर यादव, कोषाध्यक्ष निशांत कुमार गुप्ता तथा सह-कोषाध्यक्ष शुभम गुप्ता बनाए गए।
नशा-मुक्ति एवं युवा जागरूकता प्रभारी अवधेश कुमार गुप्ता तथा सह-प्रभारी राज राजकुमार सोनी नियुक्त किए गए। ग्रामीण क्षेत्र प्रभारी लीलू यादव एवं पारस यादव तथा विधिक सलाहकार के रूप में अजय गुप्ता (अधिवक्ता) को जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राकेश गुप्ता, अजीत गुप्ता, शशांक गुप्ता, परमानंद गुप्ता, प्रशांत खेमरिया, जितेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, प्रेम प्रसाद, परमेश्वर प्रधान, रामदास किशन राम, विकास, अलय त्रिपाठी, उमेश गुप्ता, मनीष गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने क्षेत्र के समग्र विकास, सामाजिक एकता और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें