Search
Close this search box.

बतौली कोऑपरेटिव बैंक में नगद संकट, सैकड़ों किसानों को करना पड़ा लंबा इंतज़ार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धान खरीदी अंतिम चरण में, भुगतान के लिए जूझते किसान

बतौली कोऑपरेटिव बैंक में नगद संकट, सैकड़ों किसानों को करना पड़ा लंबा इंतज़ार

बतौली / छत्तीसगढ़ में धान खरीदी अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। किसान अपना धान समितियों में बेच चुके हैं, लेकिन भुगतान प्राप्त करने के लिए उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताज़ा मामला सरगुजा जिले के अंतर्गत विकासखंड बतौली स्थित कोऑपरेटिव बैंक का है, जहां आज सैकड़ों की संख्या में किसान नगद भुगतान पाने के लिए बैंक परिसर में लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

किसानों का कहना है कि धान बिक्री के बाद भी समय पर भुगतान न मिल पाने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से बैंक पहुंचे किसान घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।

इस संबंध में बतौली कोऑपरेटिव बैंक के शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक में पर्याप्त नगद राशि (कैश) उपलब्ध नहीं हो पाई है, जिसके कारण किसानों को भुगतान में देरी हो रही है। वहीं जिला कोऑपरेटिव बैंक के कैश प्रभारी का कहना है कि उन्हें सीमित मात्रा में ही कैश उपलब्ध कराया जा रहा है। जितनी मात्रा में कैश प्राप्त हो रहा है, उसी अनुपात में सभी शाखाओं में वितरण किया जा रहा है।

कैश की कमी के कारण स्थिति में सुधार कब होगा, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। लगातार इंतजार और भुगतान न मिलने से किसानों में आक्रोश देखा जा रहा है। किसानों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र नगद उपलब्ध कराकर भुगतान व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है, ताकि उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर न काटने पड़ें।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें