मनरेगा बचाओ संग्राम: बतौली ब्लॉक कांग्रेस का घोघरा डैम के समीप जोरदार प्रदर्शन, अमरजीत भगत हुए शामिल
बतौली / सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा घोघरा डैम के समीप “मनरेगा बचाओ संग्राम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मनरेगा के अस्तित्व को बचाने हेतु कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए संदेश को आम जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया।
सभा को संबोधित करते हुए अमरजीत भगत ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से मनरेगा को कमजोर कर समाप्त करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा मनरेगा लागू किया गया था, तब ग्रामीणों को उनके ही गांव में 100 दिनों का रोजगार देने का प्रावधान था, जो एक अत्यंत प्रभावी और जनकल्याणकारी योजना थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार द्वारा 60:40 के अनुपात में नई नीति लागू कर मनरेगा को असफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले मनरेगा के लिए 100 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जाती थी, लेकिन अब 40 प्रतिशत भार राज्य सरकार पर डाला गया है, जबकि राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है।
अमरजीत भगत ने कहा कि राज्य सरकार के खाद्यान्न भंडार खाली हो चुके हैं, अगले माह वितरण हेतु पर्याप्त खाद्यान्न तक उपलब्ध नहीं है। किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल पा रहा है, धान खरीदी में भारी अव्यवस्थाएं हैं और कई किसानों को टोकन तक नहीं मिल पा रहा। हालात इतने गंभीर हैं कि किसानों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा उद्योगपतियों को खनन एवं माइनिंग के लिए जल-जंगल-जमीन बेची जा रही है, वहीं वर्षों से काबिज किसानों से उनकी जमीन छीनी जा रही है। छत्तीसगढ़ के कोयले को दूसरे राज्यों में बेचा जा रहा है, जबकि यहां की जनता पर बिजली दरों का बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं। सांसद-विधायक मद से स्वीकृत कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। शासन के अधिकारी एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और पूरे प्रदेश को लूट का अड्डा बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आम ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








