सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो द्वारा बतौली में 279 विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की साइकिलें वितरित
बतौली, 12 जनवरी 2026: विकासखंड स्तरीय सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नवमीं के विद्यार्थियों को साइकिल वितरण कार्यक्रम सोमवार को बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, बतौली परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अक्टूबर में आयोजित पूर्व कार्यक्रम में साइकिलों की गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर विधायक द्वारा वितरण से इंकार कर दिया गया था। इसके परिणामस्वरूप लगभग 1500 से अधिक साइकिलें संबंधित कंपनी को वापस की गईं। विधायक की पहल पर नई एवं उच्च गुणवत्ता वाली साइकिलें मंगाई गईं, जिसके अंतर्गत इस कार्यक्रम में कुल 279 साइकिलों का वितरण किया गया। इनमें कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बतौली की 120 छात्राएं, आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बिलासपुर के 49 विद्यार्थी, बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, बतौली के 90 छात्र तथा सेदम हाई स्कूल की 20 छात्राएं शामिल रहीं।वितरण से पूर्व विधायक श्री टोप्पो ने स्वयं साइकिल चलाकर उसकी गुणवत्ता एवं संतुलन की जांच की। वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी श्री अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि विधायक की सजगता से ही विद्यार्थियों को बेहतर साइकिलें मिल सकीं, जो जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।अपने संबोधन में विधायक ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, नियमित अध्ययन, लक्ष्य प्राप्ति, स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा एवं माता-पिता के सम्मान की सीख दी। उन्होंने कहा कि साइकिलें विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक होंगी, किंतु इनका सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग आवश्यक है।विभागीय लापरवाही से छात्रावास भूमि पूजन स्थगित, नोटिस जारी
कार्यक्रम के दौरान बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर के पीछे प्रस्तावित प्री-मैट्रिक (1.51 करोड़ रुपये) एवं पोस्ट-मैट्रिक (1.91 करोड़ रुपये) छात्रावास निर्माण के भूमि पूजन को विभागीय लापरवाही के कारण स्थगित कर दिया गया। आवश्यक शिलालेख समय पर न उपलब्ध होने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए मंडल संयोजक श्री उमेश मिश्रा को नोटिस जारी किया।प्रमुख उपस्थितगण: जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नागमणि पैंकरा, मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, अमित गुप्ता, सूरज बहादुर यादव, अनिमेष अग्रवाल, सिद्धांत गुप्ता, जवाहर यादव, नितिन गुप्ता, बसंत सिंह सहित जनप्रतिनिधि। अधिकारियों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल, सहायक बीईओ राघव प्रताप सिंह, प्राचार्य श्रीमती प्रसन्ना केरकेट्टा, श्रीमती चंद्रकांती भगत, रवि शंकर पांडे, बीपीओ उमेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रज्जूराम, एसएमडीसी अध्यक्ष राजेंद्र पैंकरा तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








