सेफ्टी इंजीनियर्स द्वारा आईएसईआई एक्सीलेंस पुरस्कार कार्यक्रम 2025 की तिथि घोषित
रायपुर। इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा ISEI एक्सीलेंस प्रोग्राम 2025 का भव्य आयोजन 10 जनवरी 2026 (शनिवार) को सुबह 9:00 बजे से होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, सेफ्टी प्रोफेशनल्स तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ सत्र, तकनीकी प्रस्तुतियाँ, विचार-विमर्श एवं ISEI एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025 का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन सुरक्षित कार्य संस्कृति, हरित पर्यावरण तथा दुर्घटना रोकथाम को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
संस्था के सह-निदेशक डॉ. एम. एस. नवाज ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अवसर पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्य एवं जीवन पर्यावरण सुनिश्चित करने तथा आपदा जोखिम नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को आईएसईआई उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही सुरक्षित यातायात पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी, अग्नि एवं जीवन सुरक्षा से जुड़े कर्मी, निर्माण स्थल सुरक्षा कर्मी तथा सफाई कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है।
वहीं संस्था के चेयरमैन डॉ. एस. रामपुरी द्वारा विगत वर्षों में संस्था के माध्यम से दुर्घटनाओं को रोकने, मानव जीवन की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु किए गए कार्यों को साझा किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे प्रतिष्ठित वक्ताओं द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद एवं विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।
यह आयोजन न केवल सेफ्टी प्रोफेशनल्स के लिए बल्कि समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








