शासकीय हाई स्कूल करदना में अतिथि व्याख्यान एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन
करदना, 28 नवंबर 2025 – शासकीय हाई स्कूल करदना में आज अतिथि व्याख्यान एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में संकुल समन्वयक मंगारी तथा नवाचारी शिक्षक श्री लव कुमार गुप्ता एवं सहनपुर से पधारे व्याख्याता श्री राकेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण और कैरियर के विभिन्न पहलुओं पर अहम मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम के दौरान समय प्रबंधन, शिक्षा के उद्देश्य, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और कैरियर निर्माण से जुड़ी विस्तृत जानकारियाँ प्रदान की गईं। श्री राकेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “समय का उचित प्रबंधन कर हर विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर सकता है। शिक्षा ही वह शक्ति है जो आपको लक्ष्यों तक पहुँचाती है।” उन्होंने कक्षा 10वीं के छात्रों को बोर्ड परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।संकुल समन्वयक एवं नवाचारी शिक्षक श्री लव कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा, “परीक्षा की तैयारी सुनिश्चित योजना के साथ करें और नियमित विद्यालय आवागमन बनाए रखें। शिक्षकों से सतत मार्गदर्शन लेते रहें।” उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड परीक्षा में मात्र ढाई महीने बाकी हैं, इसलिए विषय-वार लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करना आवश्यक है।कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री राम कुमार टोप्पो की ओर से कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को लैपटॉप प्रदान करने की घोषणा का उल्लेख कर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश गुप्ता ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को निश्चित लाभ मिलेगा और वे अपने लक्ष्य निर्धारण में सक्षम बनेंगे।इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को निःशुल्क नोट्स एवं कॉपी भी वितरित किए गए। दुर्गम क्षेत्र में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत फायदेमंद रहा, जिसमें बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का स्पष्ट संचार देखा गया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








