फर्जी एफआईआर दर्ज कराने वाले संवाद केंद्र के अपर जनसंचालक संजीव तिवारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग — आईंरा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वर्मा
राजनांदगांव। पत्रकारों के अंतरराष्ट्रीय संगठन आईंरा (International Reporter Association) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत वर्मा ने रायपुर संवाद केंद्र के अपर जनसंचालक संजीव तिवारी द्वारा “बुलंद छत्तीसगढ़” के संपादक मनोज पांडे के विरुद्ध दर्ज कराई गई फर्जी एफआईआर के मामले में कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होंने इस प्रकरण को पत्रकारों के अधिकारों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन बताया है।
श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और संजीव तिवारी सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी पत्रकार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने से पूर्व संबंधित जिले के एसपी या उच्च अधिकारी द्वारा जांच अनिवार्य है। परंतु छत्तीसगढ़ में इन दिशा-निर्देशों की लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पत्रकारों के नाम मात्र पर बिना जांच के तत्काल एफआईआर दर्ज की जा रही है, जो मानवाधिकार कानून का भी घोर उल्लंघन है।
आईंरा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आधी रात को पुलिस द्वारा पत्रकार मनोज पांडे के घर जाकर महिलाओं एवं उनकी पुत्री से अभद्र व्यवहार किया जाना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। यह घटना लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रेस स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आईंरा राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा। संगठन हर स्तर पर पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








