नावा बांध में जलभराव से मिली राहत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल रंग लाई
सरगुजा, 26 जुलाई 2025।
पीडब्ल्यूडी विभाग के अधूरे निर्माण कार्य के कारण भारी जलभराव से जूझ रहे ग्राम नावा बांध के ग्रामीणों को पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव की पहल से बड़ी राहत मिली है। हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते सड़क निर्माण के अधूरे कार्य से गांव की सैकड़ों एकड़ खेती की भूमि में खड़ी धान व अन्य फसलें पानी में डूब गईं थीं। घरों में पानी भर गया था और ग्रामीण संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुके थे।
क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कोई सहयोग न मिलने पर ग्रामीणों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। श्री सिंहदेव ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता को मौके पर भेजा और तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्परता से कार्यवाही करते हुए जेसीबी मशीनों के माध्यम से लगभग 1000 फीट लंबी कच्ची नाली का निर्माण कराया गया। साथ ही, ग्रामीण मार्ग पर जल निकासी के लिए 200 फीट ह्यूम पाइप डाले गए, जिससे पानी का बहाव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि अगले 24 से 36 घंटों के भीतर जलभराव की स्थिति समाप्त होने की पूरी संभावना है।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह क्षेत्र पूर्व में पूरी तरह पहुँचविहीन था। जब इस क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए, तब उन्होंने सड़क और नाली निर्माण के लिए स्वीकृति दिलाकर कार्य शुरू कराया था। लेकिन सरकार बदलने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे यह संकट उत्पन्न हुआ।
पूर्व उपमुख्यमंत्री की सक्रिय पहल और त्वरित राहत कार्य के लिए ग्रामवासियों ने आभार प्रकट किया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पारस राजवाड़े, पवन राजवाड़े, अनिल राजवाड़े, सोहन राजवाड़े, हरिशंकर राजवाड़े, सरपंच नरेश सिंह, मुकुल राजवाड़े, रामचंद्र राजवाड़े, अरुण कुजूर, रामचरित राजवाड़े सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








