संवाददाता : संतोष सिदार
दारिमा / तेज रफ्तार बाइक नदी में गिरी, दो युवक बह गए — एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी दिनांक 23/07/2025 की शाम को दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-दरिमा मार्ग पर स्थित घुनघुट्टा नदी में एक दुखद सड़क दुर्घटना घटित हुई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी, जिससे बाइक सवार दो युवक नदी के तेज बहाव में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही दरिमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया गया। गुरुवार दिनांक 24/07/2025 को दोपहर में घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर घुनघुट्टा नदी से एक युवक का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान ग्राम पलगड़ी निवासी हिमांशु के रूप में की गई है।
मृतक के साथ मौजूद दूसरा युवक कार्तिकेय अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस एवं बचाव दल द्वारा सघन रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू कार्य को और प्रभावी बनाने हेतु घुनघुट्टा डेम का गेट बंद कराया गया, जिससे नदी का जल स्तर कम हो सके।
मौके से एक बाइक, एक जोड़ी जूते एवं एक जोड़ी चप्पल भी बरामद किए गए हैं। परिजनों ने पुष्टि की है कि दोनों युवक बुधवार की शाम कलगसा जाने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद यह हादसा घटित हुआ।
रेस्क्यू टीम, गोताखोर, और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर लगातार जुटे हुए हैं और लापता युवक की तलाश जारी है। जिला प्रशासन मृतकों के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








