नगर निगम अम्बिकापुर में टेंडर निरस्तीकरण को लेकर कांग्रेस ने लगाया गंभीर आरोप, ट्रिपल इंजन सरकार पर साधा निशाना
अंबिकापुर / नगर पालिका निगम अम्बिकापुर द्वारा 26 टेंडरों को निविदा तिथि के अंतिम दिन बैक डेट में निरस्त किए जाने को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने इसे अम्बिकापुर शहर के साथ गंभीर धोखाधड़ी करार दिया है। उन्होंने कहा कि निगम आयुक्त ने अपने अधिकार का दुरुपयोग कर टेंडर को रद्द किया है, जिसका वाजिब कारण जनता के समक्ष रखा जाना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने आरोप लगाया कि इस टेंडर प्रक्रिया में भाजपा के कार्यकर्ताओं को लाभ नहीं मिल रहा था, इसलिए राजनीतिक दबाव डालकर टेंडर निरस्त कराया गया। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार के विकास की रफ्तार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, और वास्तव में शहर की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 26 जून को नगर निगम द्वारा 33,47,7000 रुपये की लागत से सीसी रोड, नाली निर्माण और पैच रिपेयरिंग के कार्य हेतु टेंडर जारी किया गया था, जिसकी अंतिम निविदा प्राप्ति तिथि 23 जुलाई तथा निविदा खोलने की तिथि 25 जुलाई तय की गई थी। इस बीच निगम ने 681,000 रुपये के लगभग 900 निविदा फार्म बेच दिए, लेकिन 23 जुलाई को निविदा तिथि पर ही निगम आयुक्त द्वारा इन टेंडरों को बिना कारण बताए बैक डेट से रद्द कर दिया गया।
शफी अहमद ने कहा कि अम्बिकापुर की जनता ने भाजपा के वादों पर भरोसा कर उसे सत्ता सौंपी थी, लेकिन भाजपा न केवल जनता की भावनाओं का अपमान कर रही है, बल्कि विकास कार्यों में भी राजनीति कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने शहर की सड़कों के सुधार के लिए 20 करोड़ देने की घोषणा की थी, जिसे आज तक जारी नहीं किया गया।
भाजपा शासित नगर निगम द्वारा बरसात पूर्व कोई एहतियाती कदम नहीं उठाए जाने से शहर की हालत बदहाल है। नालों की सफाई नहीं हुई, सड़कों के गड्ढों में मलबा तक नहीं डलवाया गया, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई। शहर में 2000 से अधिक स्ट्रीट लाइट बंद हैं और खुले नालियों में दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 1 सप्ताह के भीतर शहर की स्थिति नहीं सुधारी गई, तो कांग्रेस जोरदार आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि निविदा रद्द करने के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं को लाभ नहीं मिलने की वजह है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर शहर की नहीं, केवल भाजपा कार्यकर्ताओं की महापौर बनकर काम कर रही हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान विनोद एक्का, संजय सिंह, पापिन्दर सिंह, शंकर प्रजापति, लोकेश पासवान, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, धर्मेंद्र ताम्रकार, शुभम जायसवाल, नरेंद्र विश्वकर्मा, अविनाश कुमार, मिथुन सिंह, दिनेश शर्मा, अमित सिन्हा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
—
स्वच्छता सुपर लीग में प्रथम स्थान – नगरवासियों को बधाई
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने स्वच्छता सुपर लीग में अम्बिकापुर शहर के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर नागरिकों को बधाई दी और इसे अम्बिकापुर की जनता की सामूहिक जागरूकता और स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मियों की मेहनत का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वर्ष 2022 से 2024 के कांग्रेस कार्यकाल की है, जब निगम का नेतृत्व कांग्रेस के पास था।
उन्होंने आगे कहा कि अब यह जिम्मेदारी वर्तमान भाजपा नेतृत्व की है कि इस उपलब्धि को बनाए रखें, लेकिन शुरुआती प्रशासनिक लक्षण चिंताजनक हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








