“अदानी भगाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ” के नारे के साथ कांग्रेस ने किया सांकेतिक चक्का जाम
अंबिकापुर / छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा बनारस रोड स्थित बीटीआई के समीप दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आर्थिक नाकेबंदी एवं सांकेतिक चक्काजाम किया गया। इस आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य अदानी समूह द्वारा रायगढ़ के तमनार क्षेत्र में ग्रामीणों की सहमति के बिना वनक्षेत्र की कटाई और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं के विरुद्ध ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का विरोध करना था।
प्रदेश कांग्रेस ने “अदानी भगाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ” के नारे के साथ यह आंदोलन प्रारंभ किया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
ईडी का राजनीतिक दुरुपयोग – विपक्ष पर हमला
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जैसे ही श्री बघेल तमनार क्षेत्र में हुई अवैध वन कटाई का मामला विधानसभा में उठाने जा रहे थे, उसी दिन उनके आवास पर ईडी का छापा पड़ा और उनके पुत्र को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध और अदानी के हितों को साधने की कार्रवाई बताया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा, “ईडी का उपयोग केंद्र सरकार द्वारा राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए किया जा रहा है। आज सुप्रीम कोर्ट ने भी ईडी की भूमिका पर गंभीर टिप्पणियां की हैं। यह स्थिति लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।”
पूर्व मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा, “अदानी एक नई ईस्ट इंडिया कंपनी बन गई है, जो खनिज संसाधनों की लूट और जंगलों की अंधाधुंध कटाई के जरिये छत्तीसगढ़ पर कब्जा कर रही है। अब इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है।”
सांकेतिक विरोध, मगर मजबूत संदेश
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चक्काजाम पूरी तरह शांतिपूर्ण और नागरिकों को असुविधा से मुक्त रहा। उन्होंने बताया कि चक्काजाम का स्थान इस प्रकार चुना गया था जिससे आम जन को कोई कष्ट न हो। एम्बुलेंस और स्कूली वाहनों को पूर्णतः छूट दी गई, जिनमें 3 एम्बुलेंस और 1 स्कूल वैन को तत्काल मार्ग दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा, “आज की यह आर्थिक नाकेबंदी केवल प्रतीकात्मक थी। यदि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकारें अदानी जैसे कॉरपोरेट्स के पक्ष में जनविरोधी निर्णय लेती रहीं तो कांग्रेस इससे भी बड़ा जन आंदोलन छेड़ेगी।”
मालवाहकों को बनाया गया चक्काजाम का प्रतीक
जिला कांग्रेस कमेटी ने रणनीति के तहत चक्काजाम के लिए उत्तर भारत को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाले अंतरराज्यीय बनारस रोड को चुना, जहां भारी मात्रा में मालवाहकों का आवागमन होता है। इन्हीं वाहनों को लक्ष्य बनाकर यह सांकेतिक चक्काजाम किया गया। आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग खुले रखे गए, जिससे स्थानीय जनजीवन पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी:
इस चक्काजाम में प्रमुख रूप से श्री अजय अग्रवाल, श्री जे.पी. श्रीवास्तव, डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा, गुरुप्रीत बाबरा, श्रीमती मधु सिंह, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, बलराम यादव, अमित सिंहदेव, राजीव सिंह, अनीमा केरकेट्टा, सीमा सोनी, इंद्रजीत सिंह धंजल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अटल यादव, नारद गुप्ता, रसीद अहमद, लोकेश कुमार, विकल झा, अमित तिवारी राजा, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद है
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








