चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश कांग्रेस आक्रोशित, कोर्ट ने दी 5 दिन की ईडी रिमांड
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद प्रदेश कांग्रेस में भारी आक्रोश व्याप्त है। राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विधायकों द्वारा विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच चैतन्य बघेल को ईडी द्वारा स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की ईडी रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी महादेव सट्टा एप और शराब घोटाले के मामले में हुई है। ईडी ने आज सुबह उनके भिलाई स्थित निवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया और रायपुर स्थित ईडी कार्यालय लाया। इसके बाद उन्हें भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। ईडी ने कोर्ट से 15 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन स्पेशल कोर्ट ने फिलहाल 5 दिन की रिमांड स्वीकृत की है।
गौरतलब है कि चैतन्य बघेल का आज जन्मदिन है और वे अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इस बीच ईडी की कार्रवाई को कांग्रेस ने राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया है। स्पेशल कोर्ट परिसर में कांग्रेस विधायकों ने जोरदार हंगामा किया और ईडी की कार्रवाई का विरोध जताया।
प्रदेश कांग्रेस ने इस कार्रवाई को विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लगातार ट्वीट कर केंद्र सरकार और ईडी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन कांग्रेस न तो झुकेगी और न ही डरेगी।
कांग्रेस का आरोप है कि जब विधानसभा का मानसून सत्र अंतिम दिन पर था, तब कांग्रेस के विधायकों को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया गया। इससे साफ है कि यह कार्रवाई पूर्व नियोजित और राजनीति से प्रेरित है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि यदि इस तरह की तानाशाही कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी। वहीं सूत्रों के अनुसार ईडी आने वाले दिनों में चैतन्य बघेल से पूछताछ के बाद और भी स्थानों पर छापेमारी कर सकती है, जिसमें कई अधिकारी, कारोबारी और राजनीतिक चेहरे जांच के घेरे में आ सकते हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








