भारी बारिश ने उधेड़ी सड़कें, विभागीय उदासीनता बनी परेशानी की जड़
बतौली / विकासखंड बतौली में हो रही लगातार भारी बारिश और जलभराव के कारण मुख्य सड़कें अब चलने योग्य नहीं रह गई हैं। विशेषकर बतौली चौक से होकर बगीचा जाने वाली मुख्य सड़क और बतौली चौक से केनापारा तक का मार्ग बुरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गया है। क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पानी सड़क पर ही ठहर रहा है, जिससे जगह-जगह छोटे-छोटे तालाब जैसे हालात बन गए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग पूरी तरह से कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। सड़क की दुर्दशा और विभाग की लीपापोती वाली कार्यप्रणाली ने आम जनता की आवाजाही को बेहद कठिन बना दिया है। खासकर बारिश के समय स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं रोगियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि आने वाले दिनों में अंबिकापुर से जल उठाकर शंकर घाट होते हुए कैलाश गुफा तक की यात्रा भी इसी मार्ग से प्रस्तावित है, ऐसे में इस सड़क की दयनीय स्थिति जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है।
विभाग द्वारा कहीं-कहीं औपचारिक लीपापोती कर खानापूर्ति की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान न होने से आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








